प्रधानाध्यापक, केजीबीवी वार्डेन, अंशकालिक व्यायाम शिक्षाओं को मिला सम्मान
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 14 December, 2024 17:06
- 238

PPN NEWS
लखनऊ, 14 दिसंबर।
Report - Abhi Thakur
- बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा, 'हासिल करें ऐसी उपलब्धि, जो अगले पांच वर्ष में छोटी दिखने लगे'
- शिक्षा में उत्कृष्टता को मिली पहचान, मंत्री संदीप सिंह ने किया सम्मान
- विशेष योगदान के लिए अपर परियोजना निदेशक रोहित त्रिपाठी हुए सम्मानित
- राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, निपुण भारत मिशन, और पंजिकाओं के डिजिटलीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
- खेल में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाली बेटियों की प्रतिभा को बेसिक शिक्षा विभाग का सलाम
बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में 14 दिसंबर को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस आयोजन में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों, शिक्षकों, अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। विशेष योगदान के लिए अपर परियोजना निदेशक रोहित त्रिपाठी को भी मंत्री संदीप सिंह ने सम्मान दिया। यह अवसर, अन्य कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लोकार्पण और नई पुस्तकों के विमोचन का भी रहा। इस दौरान तीन एडी बेसिक और तीन डायट प्रचार्यों को भी सम्मानित किया गया। बता दें कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा में नवाचार, गुणवत्ता सुधार और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने विभाग की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों और छात्रों को प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनसंख्या एक छोटे देश के बराबर है, इसके बावजूद यहां के बेसिक शिक्षा विभाग ने एक परिवार की तरह एकजुट होकर और समन्वित भाव से कार्य करते हुए बड़ी-बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। यह कार्यक्रम उन प्रतिभाओं के सम्मान का अवसर है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल किया है। शिक्षकों और अधिकारियों के समर्पण और मेहनत का ही परिणाम है कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चे आज प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनमें आत्मविश्वास झलक रहा है और वे भविष्य में कुछ बड़ा और सकारात्मक करने को तैयार हैं। उन्होंने अपील की कि अगले पांच वर्षों में ऐसी उपलब्धियां हासिल की जाएं, जो आने वाले समय में भी प्रेरणा बनें और वर्तमान की उपलब्धियां छोटी लगने लगें।
बेसिक स्कूल शिक्षा की महानिदेशक कंचन वर्मा ने अतिथियों का स्वागत और बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने आभार जताया। बेसिक शिक्षा के प्रमुख सचिव डॉ. एम. के. शन्मुगा सुंदरम ने आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा को सुदृढ़ करने वाले पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का लोकार्पण और एससीईआरटी द्वारा तैयार की गई दो पुस्तकों का विमोचन भी हुआ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाध्यापक, और छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा, केजीबीवी की वार्डन, अंशकालिक व्यायाम शिक्षिकाएं और सीएसआर संस्थाओं के प्रतिनिधि भी इस सम्मान समारोह का हिस्सा बने।
यह कदम शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार और प्रशासनिक दक्षता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, निपुण भारत मिशन, और पंजिकाओं के डिजिटलीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को विशेष रूप से मान्यता दी गई।
इन्हें मिला सम्मान
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 विद्यार्थियों को उनके नवाचारी मॉडल के आधार पर सम्मानित किया गया। इनमें खेरी की आर्या, लखनऊ के राजकरण, रायबरेली के आशु, सीतापुर की रोली, उन्नाव की अंशिका, खीरी के मोहम्मद सुहेब, लखनऊ की नैंसी, रायबरेली के आदित्य, गाजीपुर के शिवम मिश्रा और उन्नाव के प्रकाश शामिल रहे।
केजीबीवी की 29 बालिकाओं को खेल उपलब्धि ने दिलाई पहचान
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली KGBV की 29 बालिकाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। इनमें लखनऊ, श्रावस्ती, बागपत, बुलंदशहर, सीतापुर और मुरादाबाद की 29 छात्राएं शामिल रहीं।
ये भी हुए सम्मानित
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रधानाध्यापकों और खण्ड शिक्षा अधिकारियों को भी सम्मान के माध्यम से प्रोत्साहित किया गया है। इनमें 75 प्रधानाध्यापकों और 76 खंड शिक्षा अधिकारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। मंच पर विशेष रूप से सम्मानित 10 प्रधानाध्यापकों में मुरादाबाद, बुलंदशहर, बलिया, अमरोहा, श्रावस्ती, वाराणसी, अलीगढ़, गोरखपुर, लखनऊ और झांसी के शिक्षक शामिल रहे। इसी तरह चुनिंदा 10 खंड शिक्षा अधिकारियों में अलीगढ़ के सुबोध कुमार पाठक, अंबेडकर नगर की सबिस्ता परवीन, आजमगढ़ के राजीव यादव और बरेली की प्रियांशी सक्सेना समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
पंजिकाओं के डिजिटलीकरण में योगदान देने वालों को सम्मान
पंजिकाओं के डिजिटाइजेशन में योगदान देने वाले 5 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और 5 खंड शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इनमें BSA भदोही भूपेंद्र नारायण सिंह, कौशांबी के कमलेंद्र कुशवाहा, प्रयागराज के प्रवीण कुमार तिवारी, सीतापुर के अखिलेश प्रताप सिंह और हापुड़ की ऋतु तोमर शामिल रहे। जबकि खण्ड शिक्षा अधिकारियों में प्रयागराज (प्रतापपुर) के विश्वनाथ प्रजापति, कौड़िहार-1 के क्षमाशंकर पाण्डेय, कौंधियारा के अरुण अवस्थी, भदोही (ज्ञानपुर) के मनोज सिंह और अलीगढ़ (टप्पल) के जीतेन्द्र कुमार को सम्मानित किया गया।
आरटीई में योगदान देने वालों को भी मिला सम्मान
आरटीई के तहत अच्छा कार्य करने वाले तीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों में बुलंदशहर के लक्ष्मीकांत पांडेय, संत कबीरनगर के अजीत कुमार सिंह और लखनऊ के राम प्रवेश शामिल रहे।
सीएसआर संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मान
कायाकल्प में योगदान देने वाली 5 सीएसआर संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मान दिया गया, उनमें एचसीएल फाउंडेशन (गौतम बुद्ध नगर), एमसीसी कॉरपोरेशन (गौतम बुद्ध नगर), एसआरएफ फाउंडेशन (गुरुग्राम), पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (नई दिल्ली) और एनटीपीसी (गौतम बुद्ध नगर) के प्रतिनिधि रहे।
Comments