चुनाव आते ही मुफ्त यात्रा का वादा, चुनाव खत्म होते ही वसूली का डर — सुनील सिंह

चुनाव आते ही मुफ्त यात्रा का वादा, चुनाव खत्म होते ही वसूली का डर — सुनील सिंह

PPN NEWS

चुनाव आते ही मुफ्त यात्रा का वादा, चुनाव खत्म होते ही वसूली का डर — सुनील सिंह


लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने सरकार द्वारा 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को मुफ्त सुविधाओं का लालच देना सरकार की पुरानी चुनावी राजनीति का हिस्सा बन गया है।


उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं आखिर कितनी बार और कितनी यात्राएं करेंगी? सरकार को महिलाओं के स्वास्थ्य, पेंशन, इलाज और आर्थिक सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए, लेकिन चुनाव आते ही मुफ्त तीर्थयात्रा जैसी घोषणाएं कर वोट साधने की कोशिश की जा रही है।


सुनील सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय सरकार मुफ्त टिकट देगी और चुनाव खत्म होने के बाद कहीं ऐसा न हो कि निजी कंपनियों के माध्यम से टिकट का बिल जनता से वसूला जाए।


उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं के खातों में ₹10,000 की सहायता राशि भेजी गई थी। बाद में कुछ अपात्र खातों में गलत तरीके से राशि पहुंचने के मामले में वसूली की कार्रवाई की खबरें भी सामने आईं। बिहार की योजना के तहत महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता दी गई थी।


लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को चुनावी मौसम में लाभ देना और बाद में नियम-कायदों व वसूली का डर दिखाना बंद होना चाहिए। सरकार को महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए स्थायी योजनाएं बनानी चाहिए, न कि चुनाव के समय वोट पाने के लिए घोषणाओं की राजनीति करनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि जनता अब चुनावी मुफ्तखोरी और वास्तविक जनकल्याण के बीच का अंतर समझने लगी है। महिलाओं के नाम पर चुनावी राजनीति करने वालों को जवाब देना होगा कि चुनाव के बाद इन योजनाओं की जिम्मेदारी और खर्च आखिर कौन उठाएगा।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *