रिक्शा में सवारी बनकर महिला यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
रिपोर्ट मोहम्मद आकिल..... 🗞
रिक्शा में सवारी बनकर महिला यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
गोमतीनगर पुलिस ने छह शातिर महिला लुटेरों को दबोचा, लूटे गए कीमती जेवरात और नकद राशि बरामद।
गोमती नगर। राजधानी लखनऊ में ई-रिक्शा में सवारी बनकर महिला यात्रियों से लूटपाट करने वाले एक शातिर महिला लुटेरी गैंग का गोमतीनगर पुलिस ने शुक्रवार को भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह की छह महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आकर बेखौफ होकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रही थीं।
लूटपाट की रणनीति:
पुलिस ने खुलासा किया कि इस गिरोह में कोई पुरुष सदस्य शामिल नहीं था। ये महिलाएं ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठ जाती थीं और फिर अन्य महिला सवारियों को बहला-फुसलाकर उन्हें अपने जाल में फंसाकर उनके जेवर लूटकर फरार हो जाती थीं। उनके हाव-भाव ऐसे थे कि किसी को उन पर शक न हो, लेकिन उनके कारनामे लूटपाट के थे।
गिरफ्तारी और बरामदगी:
महिला उपनिरीक्षक गुरु प्रीत कौर के अनुसार, उन्हें कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि महिलाओं का एक गिरोह पूर्वी जोन में सक्रिय है और ई-रिक्शा में सवारियों को निशाना बना रहा है। इस सूचना पर चौकी प्रभारी हुसड़िया, महिला गुरु प्रीत कौर ने महिला पुलिस टीम के साथ मिलकर लुटेरी गैंग को दबोचने के लिए जाल बिछाया। मुखबिर की सटीक सूचना पर कि ये महिलाएं फिर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं, मौके पर दर्जन भर से अधिक महिला पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर छह महिलाओं को दबोच लिया।
पुलिस ने इन महिलाओं के पास से लूटे गए तीन चेन, एक माला, और 13,000/- रुपए की नकद राशि बरामद की है।
पकड़े गए अपराधी:
पकड़ी गई गैंग की सदस्यों में जनपद चंदौली निवासी ज्योति, जनपद चंदौली निवासी माला, जनपद चंदौली निवासी अर्चना, मऊ निवासी लक्ष्मी, जनपद चंदौली निवासी नीतू, और जनपद गाजीपुर निवासी वंदना शामिल हैं।
पकड़ी गईं महिलाओं ने पूछताछ में गोमतीनगर, चिनहट, और विभूतिखंड क्षेत्र में कई लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

Comments