छपरा जा रही थी बस, मंजिल से पहले ही थम गया सफर
छपरा जा रही थी बस, मंजिल से पहले ही थम गया सफर
सोमवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित बस खाई में पलटी, तीन यात्रियों की मौत, करीब 45 घायल
बस में फंसे यात्रियों की चीखों से दहल उठा इलाका, पुलिस और स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर निकाले घायल।
रिपोर्टर मोहम्मद शानू
पारा लखनऊ। सोमवार की सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे का जीरो प्वाइंट अचानक चीख-पुकार से गूंज उठा। राजस्थान से बिहार के छपरा जा रही एक यात्री बस सुबह करीब सात बजे अनियंत्रित होकर ऊपर से नीचे खाई में जा पलटी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 लोग घायल हो गए।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार बस में 50 से 55 यात्री सवार थे। सब अपने घर छपरा लौट रहे थे। बस के खाई में पलटते ही कई यात्री अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। कंट्रोल रूम के जरिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस को भी खबर दी गई। आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
एम्बुलेंस से सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर और लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में छपरा, बिहार के रहने वाले शंकर रज्जक (63) और शामली राय (43) की पहचान हो गई है। तीसरे मृतक, करीब 35 साल के एक पुरुष की पहचान की कोशिश की जा रही है। बस चालक वीरेश ठाकुर भी छपरा के ही रहने वाले हैं।
पुलिस ने बस को खाई से बाहर निकलवा दिया है। यात्रियों का सामान सुरक्षित थाना पारा में रखवाया गया है। मामूली रूप से चोटिल यात्रियों को भी जरूरी मदद के लिए थाने पर ही ठहराया गया है। राहत और बचाव का काम पूरा हो चुका है और हादसे की वजह की जांच की जा रही है

Comments