अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उ.प्र. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने दिया संदेश

प्रकाश प्रभाव न्यूज़
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उ.प्र. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने दिया संदेश
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2021 पर महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने सभी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 8 मार्च अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को सम्पूर्ण दुनिया की महिलायें धूम-धाम, उत्साह, उल्लास और उमंग से मनाती हैं। 8 मार्च से महिलायें भावनात्मक रूप से जुड़ी हैं। यह दिन उन स्त्रियों की याद दिलाता है जिन्होंने तमाम महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था।
8 मार्च का इतिहास लगभग 150 वर्ष पुराना है। सर्वप्रथम 1910 में रूस के एक अन्तर्राष्ट्रीय अधिवेशन में 08 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा गया। 1911 से कई यूरोपियन देशों में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। यूरोप, नार्वे, स्पेन, इटली, ईरान सभी देशों में महिलाओं ने अपने अधिकारों की जंग 08 मार्च से ही प्रारम्भ की थी।
इस अवसर पर बाथम ने प्रदेश की सभी महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उ.प्र. राज्य महिला आयोग उनकी मदद के लिए निरन्तर प्रयत्नशील है। आयोग प्रदेश की महिलाओं के प्रति घटित होने वाले अपराधों की रोकथाम, दोषियों के खिलाफ त्वरित व कड़ी कार्यवाही कराने के साथ-साथ आर्थिक सशस्त्रीकरण, शिक्षा व स्वास्थ्य के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है।
यह दिन नारी सशक्तीकरण का पर्याय बन गया है। आज सम्पूर्ण विश्व में 8 मार्च अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है।
महिला दिवस पूर्ण रूप से तभी सार्थक होगा जब सभी महिलायें स्वावलम्बी बने आर्थिक रूप से सशक्त हो। महिला आयोग एवं अन्य विभिन्न संस्थायें महिला को सशक्त बनाये जाने में प्रभावी भूमिका का निर्वाहन कर रहे हैं। आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपना सार्थक योगदान प्रदान कर रही हैं। इसकी शुरूआत सर्वप्रथम हमें अपने घरों से करनी चाहिए तथा घर के सभी पुरूष सदस्यों को समाज की सभी महिलाओं को सम्मान प्रदान करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
Comments