रामपुर खास में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विरोधी दलों को बताया जनविरोधी, केंद्र व राज्य सरकार की गिनाई उपलब्धियां

रामपुर खास में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विरोधी दलों को बताया जनविरोधी, केंद्र व राज्य सरकार की गिनाई उपलब्धियां

प्रतापगढ 




27.12.2021




रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी



रामपुरखास मे प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विरोधी दलों को बताया जनविरोधी, केन्द्र व राज्य सरकारों की गिनाई उपलब्धियां


प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार को विकास के क्षेत्र मे दमदार ठहराते हुए आगामी विधानसभा चुनाव मे फिर से भाजपा की सत्ता मे वापसी का शंखनाद किया है। सीएम योगी ने कहा कि दमदार सरकार का दमदार कार्य यूपी के गांवो के विकास की मजबूत बुनियाद को आगे बढ़ा रहा है। सोमवार को रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र के बेलहा नया का पुरवा मे आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ के लोगों की बुद्धिमानी तथा प्रबुद्धता की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आंवला के क्षेत्र मे योगदान देकर प्रतापगढ़ ने अपनी वैश्विक पहचान बनायी है। प्रतापगढ़ के दौरे पर आये सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले भर मे विभिन्न विकासपरक योजनाओं के तहत जनता को पांच सौ पचपन करोड़ रूपये के विकास कार्यो की सौगात भी सौंपी। वहीं सीएम योगी ने प्रतापगढ़ मेडिकल कालेज को जनसुविधा के क्षेत्र मे बड़ी उपलब्धि ठहराते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर ही प्रतापगढ़ मेडिकल कालेज मे छात्रों का पठन पाठन भी शुरू कराना भाजपा की सरकार की जिले के लिए सबसे बड़ी सौगात बनकर सामने आयी है। सीएम योगी ने कांग्रेस तथा सपा व बसपा की पूववर्ती सरकारों पर भी जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इन सरकारों के कार्यकाल मे प्रतापगढ़ के विकास की भरपूर उपेक्षा हुई। जनसभा मे उमड़ी भारी भीड़ को देख उत्साह से लवरेज सीएम योगी ने यह भी दावा किया कि इस बार के चुनाव मे प्रतापगढ़ मे रामपुरखास समेत सभी सातों सीटों पर भाजपा व उसके सहयोगियों का कब्जा होगा। प्रदेश के राजनैतिक हालात पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस व बसपा तथा सपा पर तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल मे प्रदेश की पहचान दंगो व गुण्डागर्दी से थी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश के गुण्डे यूपी की सीमा से बाहर पनाह मांग रहे है। उन्होनें दीवारों से छापों मे मिलने वाली नोटों का जिक्र करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव का बिना नाम लिये चुटकी ली कि अब तो जनता को पता चल गया बबुआ नोटबंदी की खिलाफत क्यूं कर रहा था। कांग्रेस पर भी विकास योजनाओं के नाम पर सिर्फ शिलान्यास का नाटक करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाई-बहन की पार्टी का प्रदेश मे कोई जनाधार नही है। मुख्यमंत्री ने चुटकी ली कि भाजपा के खिलाफ चाचा भतीजे और भाई बहन तथा बुआ भतीजे की पार्टी किसी भी दशा मे टिकने वाली नही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश मे स्वास्थ्य तथा शिक्षा व पेयजल स्कीम के साथ किसान सम्मान निधि, निराश्रित पंेशन, के क्षेत्र मे प्रदेश की जनता को बडी राहत का भी भाजपा के नाम सेहरा बांधा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तंज कसा कि कभी रामभक्तों पर यूपी मे गोली चलवाई जाती थी, कांवड यात्रा तथा जन्माष्टमी पर प्रतिबंध लगाये जाते थे लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद अयोध्या मे भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। सीएम योगी ने भाजपा की जन विश्वास यात्रा को प्रदेश भर मे मिल रहे भारी जनसमर्थन की भी सराहना की। प्रतापगढ़ मे भी जन विश्वास यात्रा के स्वागत व सम्मान को लेकर लोगों का आभार जताया। वहीं सीएम योगी ने लोगों ने जन संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस तथा सपा व बसपा सिर्फ वंशवाद एवं परिवारवाद की खोखली राजनीति का सहारा लिया करती है। मुख्यमंत्री के भाषण के बीच कार्यकर्ताओं के जिन्दाबाद के नारे तथा बीच बीच मे बजती तालियों से उत्साहित योगी आदित्यनाथ ने आने वाले चुनाव मे जनता से भाजपा के लिए आर्शीर्वाद मांगा। भाजपा के समर्थन मे योगी आदित्यनाथ ने जनसमूह से हाथ भी उठवाये। वहीं कोरोना काल खण्ड का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कोरोना के समय प्रदेश मे भाजपा की सरकार के अलावा कोई भी विरोधी दल जनता की तकलीफ मे हाथ नही बंटा सका। सीएम योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की भी कई जनकल्याणकारी उपलब्धियों का जमकर बखान किया। इसके पहले जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री महेन्द्र पाण्डेय ने भी केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों की तमाम उपलब्धियों का बखान किया। केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र पाण्डेय ने भी अपने भाषण मे कांग्रेस व सपा तथा बसपा पर तीखे तीर चलाये। जनसभा को प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह मोती व जलशक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ने भी संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की अनेक नीतियों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रतापगढ़ के सांसद संगमलाल गुप्ता एवं कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर ने भी संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। जनसभा को प्रदेश के राज्यमंत्री सुरेश पासी व राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र तथा संचालन भाजपा नेता अशोक मिश्र ने किया। इसके पहले मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व जनसभा को रानीगंज विधायक धीरज ओझा, पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह, कुलवंत सिंह, ओम प्रकाश पाण्डेय गुडडू, नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार, पंकज मिश्र, ओमप्रकाश त्रिपाठी, केके सिंह, आदि ने भी संबोधित करते हुए कांग्रेस तथा भाजपा विरोधी दलों पर हमलावर दिखे। जनसभा मे मुख्यमंत्री को सुनने के लिए भारी भीड़ भी जुटी दिखी।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *