हनुमान मंदिर की दीवार गिरने से मलबे में दबा मासूम, इलाज के दौरान मौत
हनुमान मंदिर की दीवार गिरने से मलबे में दबा मासूम, इलाज के दौरान मौत
पुराना हनुमान मंदिर के पास झुग्गी पर गिरी जर्जर दीवार।
मलबे में दबे मासूम ने ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम।
लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां पुराना हनुमान मंदिर, डांडिया की एक पुरानी और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस दीवार के सहारे झुग्गी-झोपड़ी डालकर रह रहे परिवार पर काल बनकर यह मलबा गिरा। हादसे के वक्त ऑटो चालक गजोधर, जो मूल रूप से सीतापुर के मिसरिख के निवासी हैं, अपनी पत्नी और 06 माह के मासूम बेटे के साथ झोपड़ी में मौजूद थे। दीवार गिरते ही मासूम बच्चा मलबे के नीचे पूरी तरह दब गया, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मासूम को तुरंत भाऊराव देवरस अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू (KGMU) रेफर कर दिया। अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मासूम की मृत्यु की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है।
फिलहाल, पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा।


Comments