शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में लगी भीषण आग, तीन किसानों की मेहनत जलकर राख
शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में लगी भीषण आग, तीन किसानों की मेहनत जलकर राख
ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने तीन बीघा फसल को किया नष्ट।
पीड़ित किसानों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप, प्रशासन से मुआवजे की गुहार।
काकोरी लखनऊ। सोमवार को काकोरी थाना क्षेत्र के चिलौली हार में बिजली के शॉर्ट सर्किट ने किसानों पर भारी कहर बरपाया। खेतों के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से अचानक निकली चिंगारियों ने कुछ ही मिनटों में आग का विकराल रूप ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में तीन किसानों की करीब तीन बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की लाइन के खंभे से अचानक चिंगारियां गिरने लगी थीं। फसल पूरी तरह पककर सूखी होने के कारण आग ने तेजी पकड़ी और देखते ही देखते महिपाल गौतम, नरेंद्र और संतराम के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार और उठती लपटें देख ग्रामीण आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और निजी संसाधनों, बाल्टियों व पाइपों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझती, तब तक मेहनत की पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी।
पीड़ित किसान महिपाल गौतम पुत्र मंगलू, नरेंद्र पुत्र नन्हक्के और संतराम ने रुंधे गले से बताया कि साल भर की खून-पसीने की कमाई उनकी आंखों के सामने जलकर खाक हो गई। किसानों ने सीधा आरोप लगाया कि चौधरी खेड़ा स्थित एफसीआई पावर हाउस से जुड़ी बिजली लाइनों की लंबे समय से देखरेख नहीं की जा रही थी। विभाग की इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है।
घटना के बाद से ही पीड़ित किसान गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का सटीक आकलन कराया जाए और पीड़ित किसानों को अविलंब आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वे इस बड़े वित्तीय संकट से उबर सकें। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।


Comments