मंडलायुक्त ने 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की

मंडलायुक्त ने 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की

प्रतापगढ 




05.08.2021




रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी



मण्डलायुक्त ने 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यो की समीक्षा की,




मण्डलायुक्त प्रयागराज/जनपद के नोडल अधिकारी संजय गोयल ने कल सायंकाल कैम्प कार्यालय के सभागार में जिलाधिकारी डा0 नितिन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शत्रोहन वैश्य सहित अन्य अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ जनपद में 50 लाख के ऊपर लागत की परियोजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने जनपद में कुल निर्माणाधीन परियोजनाओं के सम्बन्ध मेंं जानकारी ली तो बताया गया कि 196 कार्य जनपद में 50 लाख रूपये से अधिक लागत के स्वीकृत है जिसमें 19 कार्य अभी तक प्रारम्भ नही हुये है। नोडल अधिकारी ने जल निगम द्वारा निर्माणाधीन योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली तो अधिशासी अभियन्ता जल निगम द्वारा बताया गया कि 04 परियोजनाओं की धनराशि पूर्व में अन्य मद में खर्च कर दी गयी है जिसके कारण परियोजनाओं के निर्माण का कार्य अब तक प्रारम्भ नही हो सका है और जिसकी जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान द्वारा की जा रही है। नोडल अधिकारी ने कहा कि इन परियोजनायों की धनराशि की व्यवस्था नही हो पा रही है तो इसको ड्राप आउट कराने के सम्बन्ध में शासन को पत्र लिखा जाये। इसी प्रकार नोडल अधिकारी ने जिला पंचायत द्वारा निर्मित सड़कों के सम्बन्ध में अपर मुख्य अधिकारी से जानकारी ली तो बताया गया कि सड़कों के निर्माण का कार्य गुणवत्तापूर्ण किया गया है। नोडल अधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि जिला पंचायत द्वारा निर्मित 05 सड़कों का रेण्डम के आधार पर स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जाये। इसी प्रकार सरसीखाम एवं आसपुर देवसरा में खेल स्टेडियम के निर्माण के सम्बन्ध में जानकारी ली तो अधिशाषी अभियन्ता आरईएस द्वारा बताया गया कि कार्य हेतु जिस ठेकेदार को चयनित किया गया है उसके द्वारा कार्य प्रारम्भ नही किया जा रहा है जिस पर नोडल अधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि खेल स्टेडियम के निर्माण हेतु बनाये गये ठेकेदार के बाण्ड को निरस्त कर नया टेण्डर कराकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराया जाये। जनपद में सेतु निर्माण निगम द्वारा निर्माणाधीन सेतुओं की प्रगति व उनके एप्रोच मार्ग के सम्बन्ध में नोडल अधिकारी ने जानकारी ली तो परियोजना प्रबन्धक सेतु निर्माण निगम द्वारा बताया गया कि जनपद में 12 सेतुओं का निर्माण कार्य चल रहा है और 07 सेतुओं के निर्माण का कार्य मार्च 2022 तक पूर्ण कर लिया जायेगा और करौंदी पुल के एप्रोच मार्ग से सम्बन्धित कास्तकारों द्वारा अभी तक रजिस्ट्री का कार्य नही हो पाया है जिस पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और परियोजना प्रबन्धक को निर्देशित किया कि सेतु के निर्माण का कार्य दिसम्बर माह तक पूर्ण कर लिया जाये व एप्रोच मार्ग के रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाये, इसमें शिथिलता बरतने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। नोडल अधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर से मेडिकल कालेज के निर्माण कार्य की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी ली तो बताया गया कि आवासीय, शैक्षणिक व प्रशासनिक परिसर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिये जायेगें। इसी प्रकार मण्डलायुक्त ने सांसद निधि, विधायक निधि आदि योजनाओं के निर्माण कार्यो की भी समीक्षा की। जनपद में राजकीय निर्माण निगम द्वारा निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यो में तेजी लाये। मण्डलायुक्त ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्माणाधीन कार्यो को गुणवत्तायुक्त एवं समय सीमा के अन्दर पूर्ण किये जाये। निर्माणाधीन परियोजनाओं के अन्तर्गत जो भी कार्य कराये जा रहे है उसके कार्य की गुणवत्ता व मानक की निगरानी वह समय-समय पर स्वयं करें व जांच टीम बनाकर भी उसकी गुणवत्ता की जांच करायी जाये।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *