आंधी-बारिश का कहर, दीवार गिरने से एक की मौत और दो घायल
आंधी-बारिश का कहर, दीवार गिरने से एक की मौत और दो घायल
सोमवार को राजधानी में आई तेज आंधी और बारिश के दौरान विभूतिखण्ड इलाके में एक वर्कशॉप की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में चाय की दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
लखनऊ। लखनऊ के विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच क्षेत्र में चल रही तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के दौरान जेएसवी हुंडई (JSV HYUNDAI) वर्कशॉप की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में वहां मौजूद तीन लोग आ गए, जो मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मलबे से निकालकर तीनों घायलों को तुरंत लोहिया अस्पताल ले जाया गया। घायलों में अमित यादव, अमरीश यादव और बाराबंकी निवासी मनोज कुमार शामिल थे। उपचार के दौरान अमित यादव (34 वर्ष) ने दम तोड़ दिया, जबकि अमरीश और मनोज का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित परिवार को सूचित कर दिया गया है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। इस मामले में पुलिस द्वारा उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है और जांच जारी है कि दीवार गिरने के पीछे क्या कोई तकनीकी लापरवाही भी शामिल थी।


Comments