राजा भैया के खिलाफ भाजपा ने सिंधुजा मिश्रा को मैदान में उतारा, कुंडा का चुनाव हुआ दिलचस्प

प्रतापगढ
28.01.2022
रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी
राजा भैया के खिलाफ भाजपा ने सिन्धुजा मिश्रा को मैदान में उतारा,कुण्डा का चुनाव हुआ दिलचस्प
भारतीय जनता पार्टी ने प्रतापगढ जनपद के कुण्डा विधान सभा क्षेत्र से बाहुबली विधायक राजा भैया की घेराबंदी करते हुए भाजपा के वरिष्ठ पार्टी के नेता तथा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शिव प्रकाश मिश्र "सेनानी" की पत्नी सिन्धुजा मिश्रा को चुनाव मैदान में उतार दिया है।
भारतीय जनता पार्टी इस बार राजा भैया को किसी तरह का वाक ओवर देने के मूड में नहीं दिखाई दे रही है। हालांकि इसके पूर्व कुण्डा विधान सभा क्षेत्र से शिव प्रकाश मिश्र सेनानी खुद अपनी किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतर चुके हैं, और राजा भैया के मुकाबले बुरी तरह पराजित हो गए थे। उधर पट्टी विधान सभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह "मोती सिंह" और राम सिंह के बीच एक बार फिर कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।जहां कुण्डा सीट पर तीन दशक से अपना आधिपत्य जमाये जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह "राजा भैया" चुनाव मैदान में हैं वहीं उन्हीं के अखाड़े से राजनीतिक दांव पेंच सीख कर अलग हुए नगर पंचायत कुण्डा के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं अखिलेश यादव के अति निकट स्थान बनाने वाले गुलशन यादव सपा से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।बसपा ने इस सीट पर अपना परंपरागत मत बटोरने के साथ ही मुस्लिम मतों में सेंधमारी के लिए मुस्लिम प्रत्याशी फहीम को चुनाव मैदान में उतारा है।अभी तक इस सीट पर कांग्रेस ने अपना पत्ता नहीं खोला है।कुछ भी हो इस बार राजनीतिक पार्टियों ने कुण्डा के चुनाव को रोचक बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड रखा है।
Comments