क्रिसमस पर चर्चों में हुईं विशेष प्रार्थनाएं, दिया गया शांति और प्रेम का संदेश

पीलीभीत न्यूज
रिपोर्ट:- नीलेश चतुर्वेदी
क्रिसमस पर चर्चों में हुईं विशेष प्रार्थनाएं, दिया गया शांति और प्रेम का संदेश
पीलीभीत। जिले भर में शुक्रवार को प्रभु यीशु का जन्मदिवस क्रिसमस के रूप में मनाया गया। गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं हुईं, जिसमें धर्म गुरुओं ने शांति, प्रेम, सेवा और स्नेह का संदेश दिया।
हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते कम संख्या में ही लोग गिरजाघरों में पहुंचे। अधिकांश लोगों ने घरों में रहकर ही पर्व मनाया और एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। सभी चर्चों में प्रभु यीशु के जन्म को दर्शातीं झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे दिन बधाई देने का सिलसिला चलता रहा ।
शहर स्थित सेंट एलॉसियस चर्च में फादर विवियन फर्नांडीस ने प्रार्थना सभा में कहा कि प्रभु यीशु ने अंधेरे में डूबी इस दुनिया को अपने प्रकाश से रोशन किया है। इसके लिए हम हमेशा उनके शुक्रगुजार रहेंगे। लोगों को उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। इस दौरान केक काटकर खुशियां मनाई गईं।
शहर के सिविल लाइंस नार्थ स्थित फुल गॉस्पल पेंटीकास्टल चर्च में पास्टर जे प्रभाकरन ने प्रार्थना सभा में प्रभु यीशु मसीह गुणगान किया। कहा कि प्रभु यीशु का जीवन हमें त्याग और बलिदान की भी प्रेरणा देता है। लोगों ने एक दूसरे को केक खिलाकर शुभ दिन की बधाई दी और उपहार दिए ब्रह्मचारी घाट रोड स्थित प्राचीन क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च में फादर जे हरमन ने प्रार्थना सभा में प्रभु यीशु मसीह के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने शांति का पैगाम दिया। जब वह दुनिया में आए तो सब तरफ अशांति का माहौल था। प्रभु यीशु ने लोगों को सेवा करने की प्रेरणा दी। प्रार्थना सभाओं में सीमित संख्या में ही लोगों ने भाग लिया।
Comments