दिल्ली में केजरीवाल नजरबंद किए गए; किसानों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे जाम किया

दिल्ली में बंद का असर AAP का आरोप- केजरीवाल नजरबंद किए गए; किसानों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे जाम किया
किसान आंदोलन और भारत बंद को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नजरबंद कर दिया है। यह आरोप आम आदमी पार्टी (आप) ने लगाया है। आप का कहना है कि सीएम अरविंद केजरीवाल के सिंधु बॉर्डर से लौटने के बाद कल से नजरबंद जैसे हालात बनाए गए हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल की सभी बैठक रद्द कर दी गई है।
किसान आंदोलन के समर्थन में आज भारत बंद है। 20 सियासी दल और 10 ट्रेड यूनियंस इसका सपोर्ट कर रहे हैं। इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में नजरबंद कर दिया है।
उनके घर किसी को आने-जाने की परमिशन नहीं है। पुलिस ने इस आरोप को गलत बताया है। पुलिस ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते केजरीवाल जहां चाहें जा सकते हैं। उधर, किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे जाम कर दिया है।
आप का आरोप है कि गृह मंत्रालय के आदेश पर पुलिस ने दिल्ली नगर निगम के तीनों मेयर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठा दिया है और इसका बहाना बना कर पुलिस ने मुख्यमंत्री के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी है, जिससे ना केजरीवाल से कोई मिलने आ सकता है और ना वो कहीं बाहर जा सकते हैं।
आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री सिंधु बॉर्डर पर किसानों से मिलकर और किसानों को समर्थन देकर आए हैं, केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री को अपने ही घर में बैरिकेड लगाकर लगभग नज़रबंद किया हुआ है। उनसे न कोई मिल सकता है, न वो बाहर आ सकते हैं. हम सीएम हाऊस तक मार्च निकालेंगे।
आम आदमी पार्टी के आरोपों पर दिल्ली पुलिस के नॉर्थ जिले के डीसीपी का कहना है कि ये झूठ और बेबुनियाद आरोप है. वहां हमारी फोर्स तैनात है। अरविंद केजरीवाल कल शाम 8 बजे भी कहीं निकले थे और रात 10 बजे के लगभग वापस लौटे थे। कोई समस्या नहीं है।
Comments