प्रयागराज फरियाद के लिए महिलाओं ने ट्विटर को बनाया हथियार।

प्रकाश प्रभाव न्यूज़
रिपोर्टर :ज़मन अब्बास
दिनांक :12/12/2020
प्रयागराज महोदय, मैं मीरापुर की रहने वाली हूं। मेरा पड़ोसी लगातार परेशान कर रहा है। मकान को लेकर विवाद है। थाने पर शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। श्रीमान जी, मेरे मुहल्ले का एक शख्स छत की बालकनी पर जाते ही घूरने लगता है। कृपया संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करें।
ऐसी कई शिकायतें रोजाना पुलिस के टिवटर हैंडल पर आती हैं। महिलाओं से जुड़ा मामला होने के कारण उनका निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता जा रहा है। इसके पीछे पुलिस की ओर से चलाए गए मिशन शक्ति अभियान को माना जा रहा है, जिसके चलते महिलाएं जागरूक हुईं और न्याय व हक के लिए आगे बढ़ रही हैं। फरियाद के लिए महिलाओं ने अब ट्विटर को हथियार बनाया है। प्रयागराज पुलिस के ट्विटर एकाउंट पर रोजाना करीब 10 से 15 अलग-अलग तरह की शिकायतें आती हैं। इसमें पांच से छह महिलाएं शिकायत खुद अपने टिवटर हैंडल से करती हैं। एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि यह बात सही है कि पहले की तुलना में लोग टिवटर और वाट्सएप पर ज्यादा शिकायत कर रहे हैं। इसमें महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। पुलिस हर किसी की समस्या का समाधान करने के लिए तत्पर है ।
Comments