पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आगामी दीपोत्सव एवं देव दीपावली के भव्य एवं आकर्षक आयोजन तैयारियों की समीक्षा की

PPN NEWS
लखनऊ: 02 सितम्बर, 2025
रिपोर्ट, अभि ठाकुर
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति जयवीर सिंह ने दीपोत्सव-2025 एवं देव दीपावली को आकर्षक एवं भव्य ढंग से आयोजित करने के लिए आज पर्यटन निदेशालय के अधिकारियों के साथ समीक्षा की तथा प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी अयोध्या में दीपोत्सव एवं काशी की देव दीपावली के आयोजन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की भूमिका खास होनी चाहिए।
बैठक में मंत्री जयवीर सिंह ने यह भी कहा कि 'दीपोत्सव और देव दीपावली केवल धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि पर्यटन संवर्धन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने वाले अवसर भी हैं। इन आयोजनों से प्रदेश की ब्रांडिंग राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होती है। इसलिए प्रचार-प्रसार की व्यापक रणनीति बनाई जाए।
पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि दीपोत्सव-2025 और देव दीपावली की झलक इतनी अद्वितीय हो, कि हर आगंतुक के मन पर अविस्मरणीय छाप छोड़े। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से अयोध्या और वाराणसी की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व पटल पर नए आयाम मिलेंगे। मंत्री ने अधिकारियों को आगंतुकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से समीक्षा की तथा पर्व की महत्ता को देखते हुए किसी प्रकार की कमी न रहे, यह अधिकारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य मुकेश मेश्राम, विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया, पर्यटन सलाहकार जेपी सिंह के अलावा प्रीती श्रीवास्तव, अंजू चौधरी, कीर्ति आदि उपस्थित थे।
Comments