जलभराव को लेकर दो समुदायों में संघर्ष, गुमटी फूंकी

जलभराव को लेकर दो समुदायों में संघर्ष, गुमटी फूंकी

जलभराव को लेकर दो समुदायों में संघर्ष, गुमटी फूंकी

सड़क पर जलभराव के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाय की गुमटी में लगाई आग।

मारपीट में कई लोग घायल, पुलिस ने तीन आरोपियों को लिया हिरासत में।

काकोरी लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के घूरघूरी तालाब चौकी अंतर्गत ग्राम ग्वालपुर में सोमवार को सड़क पर जलभराव की समस्या को लेकर दो समुदायों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने गाली-गलौज और मारपीट का रूप ले लिया, जिससे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।

​विवाद उस समय और उग्र हो गया जब एक पक्ष के आक्रोशित लोगों ने किसान पथ के सामने ग्राम तिडवा के पास स्थित अमन (पासी) की चाय की गुमटी को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक झड़प में पासी पक्ष के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजकर उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।

​सामाजिक संरचना के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले ग्राम ग्वालपुर में करीब 45 प्रतिशत यादव, 40 प्रतिशत पासी व रावत और 5 प्रतिशत अन्य जातियों की आबादी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ने मौके पर मोर्चा संभाला। मामले में पासी पक्ष की महिला राधा पत्नी उमेश की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

​पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त पक्ष के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करने का आदेश (मुकदमा अपराध संख्या 44/26) दिया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त जारी है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *