शराब सेल्समैन की लोहे की रॉड से मारकर हत्या, बीच-बचाव में एक घायल
शराब सेल्समैन की लोहे की रॉड से मारकर हत्या, बीच-बचाव में एक घायल
मामूली विवाद के बाद सिर पर लोहे की रॉड से किया हमला।
बीच-बचाव करने आया युवक भी हमले में हुआ घायल।
मलिहाबाद लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढेडेमऊ में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहाँ मामूली विवाद के बाद एक युवक की लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अजय जायसवाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सैय्यद बाड़ा का निवासी था और ढेडेमऊ स्थित सरकारी शराब के ठेके पर काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अजय जायसवाल का किसी बात को लेकर स्थानीय निवासी ननक्के कश्यप के साथ विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर ननक्के ने अजय के सिर पर लोहे की भारी रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अजय के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान रज्जन नामक एक अन्य युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिसमें वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और वे भी घटनास्थल पर पहुँच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सुसंगत धाराओं के तहत कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें किसी व्यक्ति के विरुद्ध जानबूझकर ऐसा कृत्य करना जिससे उसकी मृत्यु हो जाए, जैसी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।


Comments