प्रियंका सिंह रावत को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर जश्न, आतिशबाजी कर बांटी मिठाई
प्रियंका सिंह रावत को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर जश्न, आतिशबाजी कर बांटी मिठाई
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए प्रियंका सिंह रावत को बनाया प्रत्याशी, वृंदावन कॉलोनी में समर्थकों ने मनाई खुशी।
अधिवक्ता सतीश अवस्थी के आवास पर जुटे कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे, एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए प्रियंका सिंह रावत को प्रत्याशी घोषित किया है। नाम का ऐलान होते ही सोमवार शाम वृंदावन कॉलोनी में समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई।
वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश अवस्थी के आवास श्री हरि निवास में, राधा निकुंज पार्क के सामने कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। यहां आतिशबाजी की गई और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी नेतृत्व ने जिम्मेदारी सौंपकर संगठन में उनके लंबे अनुभव का मान बढ़ाया है।
प्रियंका सिंह रावत इस समय भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वह बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र से 16वीं लोकसभा की सांसद रह चुकी हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं।
जश्न के दौरान दर्जनों शुभचिंतक और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने प्रियंका सिंह रावत को शुभकामनाएं दीं और पार्टी नेतृत्व के फैसले का स्वागत किया।

Comments