प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी लोक निर्माण विभाग बना मूकदर्शक
- Posted By: Alopi Shankar
- राज्य
- Updated: 4 January, 2021 22:09
- 1232

प्रकाश प्रभाव न्यूज़ प्रयागराज
रिपोर्टर - सुरेश चंद्र मिश्रा
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी लोक निर्माण विभाग बना मूकदर्शक
मांडा/प्रयागराज। क्षेत्र के डूंगरपुर गंगा घाट पर पक्के पुल के निर्माण हेतु माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा आदेश देने के बावजूद भी लोक निर्माण विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलिक मवैया, संत रविदास नगर निवासी विवेक तिवारी पुत्र माता प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्र से संबंधित समस्त क्षेत्रवासियों द्वारा डूंगरपुर गंगा घाट पर पक्के पुल के निर्माण हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार से कई बार मांग की गई। सन् 1978 में आई बाढ़ के बाद से ही उक्त स्थान पर पक्के पुल की मांग की जा रही है। जो भी सरकार बनी सबने वादे किए परंतु समय के साथ-साथ क्षेत्रवासियों की मजबूरियों को नजरअंदाज किया गया। यदि भौगोलिक दृष्टिकोण से भी देखा जाए तो प्रयागराज से मिर्जापुर की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है, इन दोनों शहरों के मध्य का क्षेत्र है डूंगरपुर गंगा घाट। यदि इस स्थान पर पुल का निर्माण हो जाता है तो NH-76 से जीटी रोड को जोड़ने वाला यह बहुत ही महत्वपूर्ण पुल साबित होगा। उक्त प्रकरण को लेकर समस्त क्षेत्रवासियों द्वारा एक पत्र प्रधानमंत्री भारत सरकार को 17 नवंबर 2020 को भेजा गया था। जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को आदेशित किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव लोक निर्माण विभाग को आदेशित किया गया, परंतु उत्तर प्रदेश सेतु निगम के पास यह फाइल लंबित पड़ी है।
समस्त क्षेत्रवासियों ने सरकार से मांग किया है कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज न किया जाए। इस मामले में हजारों क्षेत्र वासियों द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भी लिखा गया है। इस पत्र अभियान में मुख्य रूप से विवेक तिवारी, विकास तिवारी, अमरेश सिंह, धीरज सिंह, मोनू चौबे, मक्खन दुबे, रत्नेश दुबे, वेद प्रकाश शुक्ला, विनोद तिवारी, आनंद दुबे, त्र्यंबक मणि त्रिपाठी, दिनेश गुप्ता, रूपेश विश्वकर्मा, नीरज दुबे, बृजेश पांडे, मनीष तिवारी एवं क्षेत्र के समस्त गणमान्य क्षेत्रवासी शामिल रहे।
Comments