बुलेट के पटाखा साइलेंसर पर पुलिस का हंटर, दो बाइक सीज
बुलेट के पटाखा साइलेंसर पर पुलिस का हंटर, दो बाइक सीज
तेज आवाज निकाल दहशत फैलाने वाली बुलेट बाइकों पर कसा शिकंजा
मौके पर ही उतरवाकर नष्ट कराए गए अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर
इटौंजा। बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वालों के खिलाफ निगोहां पुलिस ने मंगलवार को सख्त अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर थाना प्रभारी रवींद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के नगराम मोड़ चौराहे समेत कई प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान तेज धमाके जैसी कानफोड़ू आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी दो बुलेट मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया और मौके पर ही बुलेट में लगे अवैध साइलेंसर उतरवाकर उन्हें नष्ट करा दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से न केवल भारी ध्वनि प्रदूषण फैलता है, बल्कि राहगीरों, बुजुर्गों और आसपास के लोगों में दहशत और भय का माहौल भी बनता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों में अवैध और नियम विरुद्ध बदलाव करके तेज आवाज में फर्राटा भरना मोटर वाहन नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर स्टंटबाजी करने, तेज रफ्तार में वाहन चलाने और अनावश्यक तेज आवाज निकालने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और पकड़े जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पटाखा साइलेंसर लगाकर घूमने वाले युवकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

Comments