नगर पालिका परिषद के निरीक्षण में 08 अधिकारी/ कर्मचारी रहे अनुपस्थित
- Posted By: MOHD HASNAIN HASHMI
- राज्य
- Updated: 24 November, 2020 17:12
- 1010

प्रतापगढ
24.11.2020
रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी
नगर पालिका परिषद के निरीक्षण में 08 अधिकारी/कर्मचारी रहे अनुपस्थित,
जिलाधिकारी डा0 रूपेश कुमार ने आज लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका परिषद बेल्हा एवं धान क्रय केन्द्र रानीगंज का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय का लगभग पूर्वान्ह 10.10 बजे औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में अधिशाषी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता सहित कार्यालय स्टाफ अनुपस्थित पाये गये।
कार्यालय में स्टाफ उपस्थित न होने के कारण उपस्थिति पंजिका का अवलोकन नही किया गया। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियन्ता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि तत्काल अनुपस्थित स्टाफ का स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी अभ्युक्ति के साथ अवगत करायें। इसी प्रकार जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी उपस्थित नही पाये गये।
उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि कार्यालय के 08 अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। जिस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय को निर्देशित किया कि अनुपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही कर अवगत कराये।
इसके अलावा जिलाधिकारी धान क्रय केन्द्र रानीगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र प्रभारी से धान खरीद के लक्ष्य और उसके सापेक्ष अब तक की गयी खरीद के सम्बन्ध में जानकारी ली तो केन्द्र प्रभारी द्वारा बताया गया कि 15 हजार कुन्तल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसके सापेक्ष अब तक 2145.60 कुन्तल धान की खरीद की गयी है।
जिलाधिकारी ने केन्द्र पर धान क्रय की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुये केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि किसानों से सम्पर्क कर धान खरीद के कार्य में तेजी लायी जाये। निरीक्षण के दौरान धान क्रय केन्द्र पर उपस्थित किसान सत्येन्द्र मिश्रा द्वारा यह शिकायत की गयी कि हाईब्रिड धान 100 कुन्तल विक्री हेतु केन्द्र प्रभारी से सम्पर्क किया तो उनके द्वारा टालमटोल किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि किसान के खतौनी का सत्यापन कराकर तत्काल धान की खरीद की जाये और कृषक बन्धुओं को केन्द्र पर अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाये। खरीद के पश्चात् धान को निर्धारित मील पर कुटाई हेतु भेजा जाये।
Comments