बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन हेतु नोडल अधिकारी ने मिशन शक्ति अभियान का किया शुभारंभ

बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा एवं  स्वावलंबन हेतु नोडल अधिकारी ने मिशन शक्ति अभियान का किया शुभारंभ

प्रतापगढ


17.10.2020


रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी


महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन हेतु नोडल अधिकारी ने मिशन शक्ति अभियान का किया शुभारम्भ,



क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी सभागार में आज मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान अभियान का शुभारम्भ शासन स्तर से नामित नोडल अधिकारी प्रतिभा अम्बेडकर, विधायक सदर राजकुमार पाल, जिलाधिकारी डा0 रूपेश कुमार द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी प्रतिभा अम्बेडकर ने कहा कि महिलाओं तथा बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन हेतु मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। मिशन का उद्देश्य महिलाओं तथा बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु बालिकाओं को स्वावलम्बी बनाना, उन्हें सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराना, जन जागरूकता पैदा करना, आत्म सुरक्षा की कला विकसित करने हेतु महिलाओं तथा बच्चों को प्रशिक्षित करना तथा उनके प्रति हिंसा/अपराध करने वालों की पहचान उजागर करना होगा। यह अभियान आज से प्रारम्भ होकर दिनांक 25 अक्टूबर तक संचालित किया जायेगा जिसमें महिला कल्याण विभाग, बाल विकास सेवा पुष्टाहार, महिला शक्ति केन्द्र, वन स्टाप सेन्टर, जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। उन्होने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुये कहा कि स्वयं आत्मनिर्भर बने, प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं महिला सम्मान सुरक्षा के लिये सुरक्षा चक्र बनाया गया है जिसके अन्तर्गत 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1078 मा0 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 पावर चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवायें एवं 108 एम्बुलेन्स सेवायें आदि सम्मिलित है। कार्यक्रम के दौरान विधायक सदर राजकुमार पाल ने कहा कि माँ अपने बच्चों को पालती-पोषती है और अपने बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करती है। महिलायें अपने ऊपर हो रहे उत्पीड़न एवं भ्रष्टाचार की आवाज निष्पक्ष रूप से बुलन्द करें, हम सब मिलकर इस दिशा में चलेगें और अपनी बेटियों को सुन्दर पृथ्वी देंगे ताकि वे निडर होकर समाज की हर बुराईयों को समाप्त कर सकें। नारी समाज सशक्त होना चाहता है तो इसके लिये शिक्षा बहुत आवश्यक है इसलिये बालिकाओं को शिक्षित अवश्य करें जिससे कि वे अपने परिवार व देश का नाम रोशन करें और आत्मनिर्भर बने। इस कार्यक्रम में आयी सभी महिलाओं से अनुरोध है कि इस अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना के अन्तर्गत कन्या भू्रण हत्या रोकने हेतु पीसीपीएनडीटी कानून के अन्तर्गत महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा से बचाव, सहायता, बाल विवाह रोकथाम, कोविड-19 के रोकथाम तथा कल्याणकारी योजनाओं आदि सम्मिलित है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है और अनेकों प्रकार की योजनायें संचालित करके उन्हें योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के उपरान्त विधायक सदर राजकुमार पाल ने मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा एवं नारी सम्मान अभियान की एल0ई0डी0 वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अरविन्द कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी सुदामा प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी रन बहादुर वर्मा एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मो0 अनीस द्वारा किया गया।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *