जेल में बंद भाजपा नेता के खिलाफ धोखाधड़ी और रंगदारी का मुकदमा।
- Posted By: Alopi Shankar
- राज्य
- Updated: 3 November, 2020 21:03
- 1234

प्रकाश प्रभाव न्यूज़ प्रयागराज
रिपोर्टर - ज़मन अब्बास
जेल में बंद भाजपा नेता के खिलाफ धोखाधड़ी और रंगदारी का मुकदमा।
प्रयागराज। युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में नैनी जेल में बंद भाजपा नेता डॉ. श्याम प्रकाश द्विवेदी के खिलाफ एक और संगीन आरोप में रिपोर्ट लिखी गई है। शुआट्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रमाकांत दुबे की तहरीर पर पुलिस रंगदारी वसूलने और धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा लिख जांच रही है।
डॉ. दुबे का आरोप है कि 17 अगस्त को भाजपा नेता डॉ. श्याम प्रकाश द्विवेदी ने खुद पर बम हमले का मुकदमा जार्जटाउन थाने में दर्ज कराया था। कथित बम चलाए जाने की घटना की एफआईआर थाना में दर्ज कराई गई थी। जांच में घटना के सबूत नहीं पाए गए और श्याम प्रकाश द्विवेदी का षड्यंत्र सफल नहीं हो सका। एक सितंबर 2018 को विश्वविद्यालय के एक अधिकारी पर गोली मारने की धमकी आदि का झूठा आरोप लगाकर फर्जी मुकदमे में फंसाने का षड्यंत्र रच कर शिकायती पत्र प्रेषित किया गया था। पुलिस जांच में द्विवेदी का यह आरोप भी झूठा पाया गया था।
20 अगस्त 2020 को मंडलायुक्त के यहां शुआट्स की ओर से डॉ. श्याम प्रकाश द्विवेदी के विरुद्ध ब्लैकमेलिंग , धार्मिक टिप्पणी करने, विश्वविद्यालय के अधिकारियों को झूठा फंसाने का षड्यंत्र रचने आदि के संबंध में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। डॉ. द्विवेदी शुआटस के बर्खास्त कर्मचारी आईजेक फ्रैंक के साथ मिलकर लगातार विश्वविद्यालय अधिकारियों से रंगदारी मांगता रहता है। मांग पूरी ना होने पर झूठी शिकायत एवं पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाकर अधिकारियों को झूठे मुकदमे में फंसाने का षड्यंत्र रचता रहता है। उसने मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री और शासन - प्रशासन के तमाम अधिकारियों को झूठे आरोपों के शिकायत पत्र भेजे, लेकिन किसी भी शिकायत पत्र पर आरोप साबित नहीं हो सका। पुलिस ने डॉ. दुबे की तहरीर के आधार पर कई संगीन धाराओं में मुकदमा लिख जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि श्याम प्रकाश को पिछले दिनों कर्नलगंज थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
Comments