गोमती का जलस्तर बढ़ा, नाव से फैजुल्लागंज पहुंचे डीएम और संयुक्त पुलिस आयुक्त
गोमती का जलस्तर बढ़ा, नाव से फैजुल्लागंज पहुंचे डीएम और संयुक्त पुलिस आयुक्त
प्रभावितों के बीच बांटी दवाएं और जरूरी सामान, 10 अतिरिक्त नावों के निर्देश
बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की सूची बनाने, फॉगिंग-एंटी लार्वा छिड़काव के आदेश
लखनऊ।गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से फैजुल्लागंज के कई इलाके पानी की चपेट में हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने नाव से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। अफसरों ने जलभराव की हालत, राहत-बचाव कार्य और लोगों को मिल रही सुविधाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से बात कर उनकी परेशानियां सुनीं और मौके पर ही जरूरी दवाएं और रोजमर्रा के सामान बंटवाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से तुरंत समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी ने बताया कि प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन ने तीन बाढ़ राहत शिविर और एक कंट्रोल रूम बनाया है। लोगों के इलाज के लिए मेडिकल कैंप चल रहे हैं और दवाएं भी बांटी जा रही हैं। उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि लोगों के आने-जाने और राहत कार्यों के लिए 24 नावें लगाई गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोर भी तैनात हैं। जिलाधिकारी ने 10 अतिरिक्त नावों का इंतजाम कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जाए। इससे किसी भी आपात हालात में उन्हें सबसे पहले सुरक्षित जगह पहुंचाया जा सकेगा और जरूरी मदद दी जा सकेगी। नावों के जरिए सभी जरूरी सामान की आपूर्ति पक्की कराने के भी आदेश दिए गए।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नावों से प्रभावित इलाकों में नियमित फॉगिंग कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि फॉगिंग के साथ एंटी-लार्वा का छिड़काव भी लगातार हो, ताकि जलभराव में मच्छर न पनपें। उन्होंने पानी में जमा कूड़े-कचरे की सफाई भी नावों से नियमित कराने के निर्देश नगर निगम को दिए।
फैजुल्लागंज में हालात पर नजर रखने के लिए अलग-अलग शिफ्टों में तीन अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी और तहसीलदारों की टीम तैनात की गई है।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर और नगर निगम समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments
qbYrCqcpXdWKRByILLm 1 week ago
hSzGDCvbzZnarXKpVehBD