प्रतापगढ में भाजपा कार्यकर्ता उत्पीड़न के विरोध में धरने पर बैठे
- Posted By: MOHD HASNAIN HASHMI
- राज्य
- Updated: 27 June, 2021 17:45
- 460

प्रतापगढ
27.06.2021
रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी
प्रतापगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता उत्पीडऩ के विरोध में धरने पर बैठे
प्रतापगढ़ जिले में भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने से आक्रोश है। विरोध स्वरूप रविवार 27 जून 2021 को संग्रामगढ़ थाने में दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ता के खिलाफ झूठे मामले में केस दर्ज करने का विरोध करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के संग्रामगढ़ गांव निवासी अर्जुन कुमार गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता भाजपा कार्यकर्ता है। तीन दिन पहले गांव के ही देवेंद्र कुमार तिवारी पुत्र जयप्रकाश तिवारी से उनकी कहासुनी हो गई थी।
भाजपा कार्यकर्ता ने संग्रामगढ़ पुलिस के साथ ही सीओ लालगंज को भी कहासुनी होने एवं एंड्राइड मोबाइल तोड़े जाने की तहरीर दी थी। तीन दिन पूर्व भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर संग्रामगढ़ पुलिस ने मुकदमा तो नहीं दर्ज किया लेकिन शनिवार 26 जून 2021 को थाना क्षेत्र के रामपुर दाबी गांव निवासी राधेश्याम सरोज पुत्र बधाई सरोज की तहरीर पर संग्रामगढ़ पुलिस ने कार्यकर्ता के खिलाफ मारपीट गाली-गलौज जान से मारने की धमकी के साथ ही एससीएसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली तो भाजपा कार्यकर्ता अर्जुन शनिवार की शाम संग्रामगढ़ थाना के गेट के सामने धरने पर बैठ गया। देर रात सीओ लालगंज जगमोहन आए और भाजपा कार्यकर्ता को अपनी गाड़ी में बैठा कर घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद वह वापस चले गए। अर्जुन दोबारा फिर थाने के गेट पर धरने पर बैठ गया।
भाजपा कार्यकर्ता अर्जुन के समर्थन में रविवार को बृजेश पांडे पूर्व मंडल उपाध्यक्ष, बालकृष्ण पांडे मंडल प्रभारी, रोहित सिंह मंडल अध्यक्ष की अगुवाई में दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। वे थाने के अंदर धरने पर बैठ गए। साथी पर दर्ज हुए मुकदमे का विरोध करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
Comments