महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगो ने महिला समेत लगभग आधा दर्जन स्वजनों को पीटकर किया घायल

महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगो ने महिला समेत लगभग आधा दर्जन स्वजनों को पीटकर किया घायल
पी पी एन न्यूज
खागा/ फतेहपुर
योगी सरकार के लाख प्रयासों के बाद भी पुलिसिया निष्क्रियता की बदौलत जिले में महिला अपराधों में कोई कमी नहीं आई है।
जहाँ दबंगो व मनचलों द्वारा आये दिन किसी ना किसी महिला से छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम देना बिल्कुल आम बात हो गई है।
शनिवार को दोपहर धाता थाना क्षेत्र के घोषी गाँव मे दबंग पड़ोसियों ने घर के अन्दर घुसकर एक महिला से छेड़छाड़ का प्रयास किया। जिसका विरोध करने पर दबंगो ने महिला व उसके स्वजनों को लाठी डंडो से पीट पीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया।
घायल महिला ने गाँव के ही पड़ोसी लगभग आधा दर्जन दबंगो के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया है।
शनिवार दोपहर थाना क्षेत्र के घोषी गाँव निवासी पितंबर साहू की पत्नी रीता देवी घर के अन्दर काम कर रही थी। भुक्तभोगी महिला के अनुसार तभी दरवाजा खुला होने का नाजायज लाभ उठाते हुए पड़ोसी राकेश पुत्र केशलाल, प्रमोद व उसका पुत्र घर मे घुस गये। जिन्होंने बदनीयती से महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दिया।
महिला की चीखपुकार सुनकर महिला के पति व अन्य परिजन घर की ओर दौड़े जिन्होंने छेड़छाड़ का विरोध करते हुए दबंगो को ललकारा तो आरोपियों ने महिला व उसके पति व स्वजनों को लाठी डंडो से दौड़ दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। फलस्वरूप भुक्तभोगी महिला रीता देवी, पति पितंबर व जेठ होरी लाल गम्भीर रूप से घायल हो गये।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से घायल पितंबर व होरीलाल की चिंताजनक हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के बाद मंझनपुर सरकारी अस्पताल के लिये रिफर कर दिया।
भुक्तभोगी घायल महिला ने गाँव के ही दबंगो राकेश, प्रकाश, नकुल, प्रमोद व बिन्नू के खिलाफ पुलिस को तहरीर देते हुए छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है।
मामले के बावत थानाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह ने बताया कि भुक्तभोगी महिला की दी हुई तहरीर के आधार पर आरोपियों राकेश, प्रकाश, नकुल व प्रमोद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकद्दमा पंजीकृत कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
जबकी घायल महिला ने थाना पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत कर मुकद्दमे में कमजोर धाराएँ लगाए जाने का संगीन आरोप लगाया है।
वहीं समाचार लिखे जाने तक गम्भीर रूप से दोनों घायलों की हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई थी। जो कि अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे।
Comments