स्ट्रीट लाइट की शिकायतें बेअसर, निजी प्लॉटिंग में तुरंत रोशन हो रहे खंभे
स्ट्रीट लाइट की शिकायतें बेअसर, निजी प्लॉटिंग में तुरंत रोशन हो रहे खंभे
सालों से खराब पड़ी लाइटें नहीं सुधरीं, सार्वजनिक रास्तों पर अंधेरा
फोटो खींचकर खानापूर्ति के आरोप, लोगों ने की स्थलीय जांच की मांग
मोहनलालगंज लखनऊ। नगर पंचायत मोहनलालगंज में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत में तैनात कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारी बड़े अफसरों के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेते और शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतते हैं। कई सालों से खराब पड़ी लाइटों को ठीक कराने की मांग उठ रही है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
लोगों का कहना है कि आम रास्तों और मोहल्लों में खराब खंभों पर लाइट लगाने या उन्हें ठीक करने में लगातार टालमटोल होती है। वहीं निजी प्लॉटिंग में लगे खंभों पर अपेक्षाकृत जल्दी लाइट लगा दी जाती है। इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सार्वजनिक रास्तों पर अंधेरा रहने से रात में आने-जाने में दिक्कत होती है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
आरोप यह भी है कि शिकायत मिलने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचकर खराब लाइट या खंभे की फोटो खींच लेते हैं और उसी के आधार पर अफसरों को कार्रवाई की जानकारी दे देते हैं, जबकि समस्या जस की तस रहती है। इस वजह से जमीनी हकीकत बड़े अधिकारियों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पा रही।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के अधिकारियों से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की मौके पर जाकर जांच कराने, लंबे समय से खराब लाइटों को दुरुस्त कराने और शिकायतों के निस्तारण की निगरानी तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की मनमानी पर रोक लगाकर आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए।

Comments