लेखपाल संघ ने मांगों को लेकर किया कार्य बहिष्कार, एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
PPN NEWS
प्रशांत सिंह
लेखपाल संघ ने मांगों को लेकर किया कार्य बहिष्कार, एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
मोहनलालगंज, लखनऊ। अपनी विभिन्न न्यायोचित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपालों ने सामूहिक रूप से लामबंद होकर आंदोलन शुरू कर दिया। लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर माह के अंत तक विभिन्न चरणों में कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन की घोषणा करते हुए उप जिलाधिकारी आकाश सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
लेखपाल संघ का कहना है कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की आधारशिला हैं, लेकिन लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद उन्हें पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। वरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, शासन की कल्याणकारी योजनाओं और किसान हितैषी कार्यक्रमों सहित विभिन्न कार्यों का अतिरिक्त बोझ लेखपालों के कंधों पर है। संघ ने आरोप लगाया कि अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी लिए जाने के बावजूद उनकी वर्षों पुरानी मांगों का समाधान नहीं किया गया।
संघ ने 2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगति दूर किए जाने, अंतरमंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने तथा लंबे समय से लंबित पदोन्नति सूची जारी करने की मांग की। इसके अलावा प्रभारी राजस्व निरीक्षकों को उनके अतिरिक्त कार्यों से मुक्त करने, तकनीकी कार्यों के लिए तकनीकी पद सृजित करने, लैपटॉप एवं मोबाइल उपलब्ध कराने, ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा भत्तों में बढ़ोतरी की मांग भी उठाई गई।
लेखपाल संघ ने कहा कि राजस्व परिषद की ओर से भी लेखपाल संवर्ग के कार्यों एवं दायित्वों में निरंतर वृद्धि, कार्यों की विशिष्ट प्रकृति और विविधता को देखते हुए वेतनमान को लेवल-5 एवं ग्रेड पे 2800 किए जाने तथा वेतन विसंगति दूर करने की संस्तुति की जा चुकी है, बावजूद इसके शासन स्तर से निर्णय नहीं लिया गया।
आंदोलन के आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संघ ने कहा कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर गुरुवार को समस्त ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, शनिवार को थाना दिवस में काली पट्टी बांधकर कार्य, सोमवार को तहसील एवं जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर तथा बुधवार को मोटरसाइकिल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 17 अक्टूबर से तहसील परिसर में धरना और 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की गई।
धरना-प्रदर्शन में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह, जिला मंत्री कुलदीप सिंह यादव, मोहनलालगंज तहसील अध्यक्ष अम्बरीश कुमार, मंत्री विकास दीक्षित तथा उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सरोजनीनगर तहसील अध्यक्ष सुधीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और लेखपाल मौजूद रहे।

Comments