संपूर्ण समाधान दिवस में 361 शिकायतकर्ता आए, 05 शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण
- Posted By: MOHD HASNAIN HASHMI
- राज्य
- Updated: 7 August, 2021 17:58
- 436

प्रतापगढ
07.08.2021
रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 361 शिकायतकर्ता आये, 05 शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण,
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जन सामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण सम्भव कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डा0 नितिन बंसल की अध्यक्षता में आज तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतें पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा सुनी गयी। तहसील लालगंज में जन सामान्य के द्वारा कुल 361 शिकायतें विभिन्न विभागों से सम्बन्धित दर्ज करायी गयी जिनमें से 05 शिकायतें इस प्रकृति की पायी गयी जिनका निराकरण विभागीय अधिकारियों के द्वारा मौके पर ही सुनिश्चित किया गया। तहसील लालगंज सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में से 171 शिकायतें राजस्व विभाग से, पुलिस विभाग से 80, विकास विभाग से 31, समाज कल्याण विभाग से 02, शिक्षा विभाग की 01 एवं 76 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी लालगंज के पोर्टल पर आयी हुई शिकायतों का अवलोकन किया तो 63 शिकायतें लम्बित पायी गयी जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर आयी हुई शिकायतों का निस्तारण करायें। जिलाधिकारी के समक्ष शिकायतकर्ता सुनीता देवी निवासी सराय दलपत ने शिकायत करते हुये बताया कि अपनी भूमिधरी में सरकारी आवास बनाने में दबंग लोगों द्वारा जबरिया रोक देने, छत न पड़ने देने व मारपीट की जा रही है जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता के प्रकरण का समाधान यथाशीघ्र किया जाये। जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन गम्भीर है। उन्होने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुये कहा कि तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिन विभागों से सम्बन्धित जनता की शिकायतें दर्ज हो रही है, सभी सम्बन्धित अधिकारीगण गम्भीरता के साथ तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें और मौके पर जाकर सम्बन्धी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करायें। उन्होने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के द्वारा निस्तारण के दौरान उपस्थित रखा जाये ताकि सभी शिकायतों का निराकरण गुणवत्ता परक रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होने कहा कि तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में दर्ज शिकायतों की मानीटरिंग उत्तर प्रदेश शासन स्तर से सुनिश्चित की जा रही है। अतः भी अधिकारियों के द्वारा दर्ज शिकायतों का निराकरण पूर्ण गम्भीरता के साथ कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही को बहुत ही गम्भीरता के साथ लिया जायेगा। अतः सभी अधिकारीगण शासन की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण बहुत ही गम्भीरता के साथ लेकर जनता की शिकायतों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, उपजिलाधिकारी लालगंज राहुल यादव, बन्दोबस्त चकबन्दी अधिकारी शीतलेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अरविन्द कुमार श्रीवास्तव सहित सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments