जनपद में 46 धान क्रय केंद्रों पर 01 नवंबर से होगी धान की खरीद-- अपर जिलाधिकारी

प्रतापगढ
23.10.2021
रिपोर्ट--मो.हसनैन हाशमी
जनपद में 46 धान क्रय केन्द्रों पर 01 नवम्बर से होगी धान की खरीद-अपर जिलाधिकारी
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/प्रभारी अधिकारी धान खरीद सुनील कुमार शुक्ला ने बताया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत जनपद में 46 धान क्रय केन्द्र स्वीकृत किये गये जो दिनांक 01 नवम्बर 2021 से 28 फरवरी 2022 तक संचालित रहेगें। खाद्य विभाग के समस्त ब्लाकों में कुल 18 एवं पीसीएफ संस्था के 28 धान क्रय केन्द्र खोले गये है। क्रय केन्द्र पर धान की खरीद बायोमैट्रिक, ई-पॉप मशीन के द्वारा रजिस्ट्रेशनकर्ता कृषक या उसके नामित प्रतिनिधि की उपस्थित में अंगूठा लगाकर किया जायेगा। धान क्रय का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1940 रूपये प्रति कुन्तल (कॉमन धान) व रूपये 1960 प्रति कुन्तल (ग्रेड ए) धान निर्धारित है। उन्होने बताया है कि किसान भाई गतवर्ष कराये गये पजीकरण को अपना आधार संख्या व मोबाइल नम्बर के माध्यम से नवीनीकरण करा सकते है। इस बार रजिस्ट्रेशन आधार लिंक मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के अंकन के उपरान्त होगा। इसलिये किसान भाईयों रजिस्ट्रेशन में अंकित किये जाने वाले मोबाइल नम्बर को सक्रिय करने होगें तथा इसके साथ ही आधार संख्या से मोबाइल नम्बर अपडेट कराना होगा। आधार संख्या को बैंक खाते से लिंक कराने के उपरान्त, आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान प्राप्त हागा। किसान भाई अपने नजदीकी डाक केन्द्र जहां आधार संख्या व मोबाइल नम्बर लिंक किया जाता है, लिंकेज की कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।
अपर जिलाधिकारी ने बताया है कि केन्द्र पर रजिस्ट्रेशन उपरान्त कृषक द्वारा ई-टोकन के माध्यम से धान क्रय किया जायेगा। किसान भाई स्वयं इस हेतु टोकन जनरेट कर सकते है। बिना ई-टोकन के धान खरीद नह की जायेगी। कृषक भाई स्वयं व नजदीकी जनसेवा केन्द्र/साईबर कैफै पर आधार संख्या, खतौनी एवं सक्रिय मोबाइल संख्या के माध्यम से विवरण भरकर रजिस्ट्रेशन करा सकते है। इसके अतिरिक्त पंजीकरण हेतु खाद्य विभाग के केन्द्रों पर प्रत्येक ब्लाकों में प्रातः 10 बज से अपरान्ह 2 बजे तक कृषक रजिस्ट्रेशन हेतु सम्पर्क कर सकते है। कृषकों से धान मानक गुणवत्ता के अनुसार 17 प्रतिशत नमी सीमा के अन्तर्गत क्रय किया जायेगा तथा धान में विक्रय के पूर्व धान की साफ-सफाई भी कराया जाना सुनिश्चित करें। केन्द्र पर साफ-सफाई के लिये व्यवस्था रहेगी जिसके लिये 20 रूपये प्रति कुन्तल चार्ज देय होगा।
Comments