सगाई के बाद युवती ने दी जान, घर की खुशियों में पसरा मातम

सगाई के बाद युवती ने दी जान, घर की खुशियों में पसरा मातम

सगाई के बाद युवती ने दी जान, घर की खुशियों में पसरा मातम

पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही युवती ने उठाया खौफनाक कदम।

पढ़ाई जारी रखने की इच्छा और शादी के दबाव के बीच उलझी थी कोमल की जिंदगी।

दुबग्गा लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र स्थित मौरा गांव में मंगलवार देर रात एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मौरा गांव निवासी कोमल पाल ने हाल ही में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी और दो फरवरी को सगाई भी संपन्न हो चुकी थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, जो अचानक इस घटना के बाद मातम में बदल गया।

​बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम कोमल अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों को आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि कोमल आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, जबकि परिवार ने उसकी शादी तय कर दी थी। हालांकि इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।

​उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पूर्व उसके पिता सुशील पाल ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी सबसे बड़ी बेटी होने के नाते कोमल पर आ गई थी। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *