'युग पुरुष योगी-एक विश्वास’ का अवनीश अवस्थी ने किया भव्य विमोचन

'युग पुरुष योगी-एक विश्वास’ का अवनीश अवस्थी ने किया भव्य विमोचन

PPN NEWS

‘युग पुरुष योगी-एक विश्वास’ का भव्य विमोचन, अवनीश अवस्थी बोले- मुख्यमंत्री की उपलब्धियों का सटीक दस्तावेज है पुस्तक

आलमबाग गुरुद्वारे में हुआ लोकार्पण समारोह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुस्तक भेंट करने की घोषणा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौ वर्षीय कार्यकाल, उनकी कार्यशैली, सुशासन मॉडल और विकास यात्रा पर आधारित पुस्तक “युग पुरुष योगी-एक विश्वास” का रविवार को राजधानी के आलमबाग गुरुद्वारे में केंद्री सिंह सभा समिति के तत्वावधान में भव्य विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए इसे मुख्यमंत्री की उपलब्धियों, जनसेवा और प्रशासनिक दृष्टिकोण का सटीक एवं प्रेरणादायी दस्तावेज बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवनीश अवस्थी ने कहा कि लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद जाहिद अख्तर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन, कार्यशैली, निर्णय क्षमता तथा जीरो टॉलरेंस नीति को बेहद प्रभावशाली ढंग से पुस्तक में प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक न केवल मुख्यमंत्री की विकास यात्रा को रेखांकित करती है, बल्कि युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह स्वयं यह पुस्तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट करेंगे।

इस अवसर पर अवस्थी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी माता उषा अवस्थी के नाम पर वृक्षारोपण किया और उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया।

केंद्रीय सिंह सभा समिति, आलमबाग के अध्यक्ष सरदार निर्मल सिंह ने कहा कि सिख समाज के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पर लिखी गई पुस्तक का विमोचन गुरुद्वारा परिसर में हुआ। उन्होंने कहा कि पुस्तक में मुख्यमंत्री द्वारा सिख समुदाय और प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्यों का सुंदर वर्णन किया गया है।

श्री सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार कृपाल सिंह ऐबट ने पुस्तक को मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच और विकास दृष्टि का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि लेखक ने तथ्यों और घटनाओं को सरल एवं प्रभावी शैली में प्रस्तुत किया है।

वहीं प्रसिद्ध यूनानी चिकित्सक डॉ. एस. अहमद ने पुस्तक की भाषा, विषय-वस्तु और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि यह सामान्य पाठकों के लिए भी अत्यंत सहज और उपयोगी साबित होगी।

पुस्तक के लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद जाहिद अख्तर ने बताया कि “युग पुरुष योगी-एक विश्वास” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए परिवर्तन, सुशासन, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तक विशेष रूप से युवाओं, शोधार्थियों और उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल को समझने के इच्छुक पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *