सीते विहार कॉलोनी में 990 केवीए के ट्रांसफार्मर में भीषण आग, बिजली गुल

सीते विहार कॉलोनी में 990 केवीए के ट्रांसफार्मर में भीषण आग, बिजली गुल

सीते विहार कॉलोनी में 990 केवीए के ट्रांसफार्मर में भीषण आग, बिजली गुल

दुबग्गा की सीते विहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एबीसी केबल में आग लगने से 990 केवीए का ट्रांसफार्मर जलकर खाक।

ट्रांसफार्मर का तेल और पास में पड़ा कूड़ा जलने से आग ने लिया विकराल रूप, करीब एक हजार उपभोक्ता प्रभावित।

दुबग्गा लखनऊ। दुबग्गा के सीते विहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब अचानक एबीसी केबल में आग लगने से 990 केवीए का ट्रांसफार्मर भीषण आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफार्मर से उठती ऊंची-ऊंची लपटों व घने धुएं ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले केबल में चिंगारी उठी, जिसके बाद तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी।

​बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात तब और बिगड़ गए जब ट्रांसफार्मर के पास पड़े कूड़े के ढेर ने भी आग पकड़ ली, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही इलाके के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी, जिससे करीब एक हजार उपभोक्ता अंधेरे में डूब गए।

​प्रारंभिक तौर पर ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड और रखरखाव में कमी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दबाव अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर की बुशिंग फट गई, जिससे तेल रिसने लगा और आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

​एसडीओ दुबग्गा डिवीजन संदीप वर्मा के अनुसार, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 630 केवीए का ट्रांसफार्मर और 250 केवीए की ट्राली लगाकर दो से तीन घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए समय-समय पर ट्रांसफार्मरों की जांच और उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। मामले में विभाग द्वारा आवश्यक जांच और बिजली नियमों के तहत जवाबदेही तय करने की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *