पारा में पारिवारिक कलह से आहत युवक ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 21 April, 2026 20:53
- 71

पारा में पारिवारिक कलह से आहत युवक ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
डिप्टी खेड़ा कॉलोनी में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल।
कोचिंग से लौटी पत्नी ने पति का शव फंदे से लटकता देख मचाया शोर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पारा लखनऊ। सोमवार शाम पारा थाना क्षेत्र की डिप्टी खेड़ा कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां रहने वाले आशीष शुक्ला नामक युवक ने पारिवारिक कहासुनी से क्षुब्ध होकर अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में मातम का माहौल है और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा है।
जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी में कार्यरत आशीष शुक्ला का सोमवार को घर में किसी बात को लेकर अपनी पत्नी रश्मि से विवाद हुआ था। शाम करीब सात बजे जब रश्मि बच्चों को कोचिंग पढ़ाने गई हुई थीं, तभी आशीष ने घर की दूसरी मंजिल पर जाकर जाल के सहारे साड़ी का फंदा बनाया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जब रश्मि वापस लौटीं, तो पति को फंदे से लटका देख उनकी चीख निकल गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर एसआई राजू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गहन जांच पड़ताल की। हालांकि, शुरुआती तौर पर परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद वे इसके लिए तैयार हुए। पुलिस का कहना है कि मृतक आशीष अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

Comments