लखनऊ में एचयूआरएल के राज्य कार्यालय का भव्य आगाज
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 19 February, 2026 10:55
- 53

लखनऊ में एचयूआरएल के राज्य कार्यालय का भव्य आगाज
गोरखपुर, बरौनी और सिंदरी संयंत्रों से प्रतिवर्ष 40 लाख टन यूरिया उत्पादन का लक्ष्य।
नमो ड्रोन दीदी पहल के जरिए 60 महिला पायलटों ने शुरू की लाखों की कमाई।
राजधानी लखनऊ में हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) ने अपने राज्य कार्यालय का शुभारंभ कर उत्तर प्रदेश में गतिविधियों के विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाया है। उद्घाटन एचयूआरएल के प्रबंध निदेशक डॉ. सिबा प्रसाद मोहंती ने गुरुवार को फीता काटकर किया, जिसकी शुरुआत हवन-पूजन और परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुई। डॉ. मोहंती ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना और मिट्टी की उर्वरता बढ़ाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि एचयूआरएल ने उर्वरक क्षेत्र में करीब 27 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर गोरखपुर, बरौनी और सिंदरी में अत्याधुनिक यूरिया संयंत्र स्थापित किए हैं, जिनकी कुल क्षमता लगभग 40 लाख टन प्रतिवर्ष है। यह पहल देश को यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने और आयात पर निर्भरता कम करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।
प्रबंध निदेशक ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एचयूआरएल कृषि तकनीक को बढ़ावा दे रहा है। ‘लखपति दीदी’ और ‘नमो ड्रोन’ जैसी पहलों के तहत अब तक 60 महिला ड्रोन पायलट तैयार की जा चुकी हैं, जो सालाना लाखों रुपये कमा रही हैं। संगठन का लक्ष्य हर गांव में ‘ड्रोन दीदी’ के माध्यम से आधुनिक सेवाएं पहुंचाना है। कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर आयोजित विक्रेता संवाद कार्यक्रम में करीब 190 सहयोगियों ने भाग लिया, जहाँ बाजार विस्तार और नेटवर्क सुदृढ़ीकरण पर रणनीतिक चर्चा हुई। डॉ. मोहंती ने भरोसा जताया कि लखनऊ कार्यालय से किसानों को बेहतर खाद, उन्नत तकनीक और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।

Comments