धूमधाम से निकली संत शिरोमणि रविदास जयंती की शोभायात्रा
- Posted By: Nawab
- खबरें हटके
- Updated: 3 February, 2026 16:54
- 53

धूमधाम से निकली संत शिरोमणि रविदास जयंती की शोभायात्रा
जय भीम के नारों और भव्य झांकियों के साथ नगर में निकली विशाल शोभायात्रा।
भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु को किया नमन।
काकोरी लखनऊ। काकोरी की नगर पंचायत में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। संत शिरोमणि रविदास शैक्षिक एवं जन कल्याण समिति के तत्वावधान में एक विशाल जुलूस और शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और प्रबुद्ध जनों ने शिरकत की।
यह शोभायात्रा सलामी गढ़ी वार्ड से गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ शुरू हुई। 'जय भीम' के उद्घोष के साथ जुलूस चौधरी मोहल्ला, बरगद तला, काज़ी गढ़ी, हौदा तालाब वार्ड और कटरा बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से होता हुआ शहतूत तला स्थित रविदास मंदिर पर जाकर संपन्न हुआ। रास्ते में हिंदू जन सेवा समिति और अन्य सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
रविदास मंदिर पहुँचने पर यह शोभायात्रा एक विशाल जनसभा और मेले के रूप में परिवर्तित हो गई। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डॉ बी पी अशोक समेत कई गणमान्य अतिथियों ने गुरु रविदास के उपदेशों और उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि रविदास के विचार समाज को एकता और समानता का मार्ग दिखाते हैं।
जयंती के उपलक्ष्य में मंदिर प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में पूर्व सभासद आलोक वर्मा, अमित वर्मा, सतीश वर्मा, संजीव वर्मा, आज़ाद चौधरी, अश्विनी वर्मा, नीरज वर्मा, शेखर चौधरी, भीम सेन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments