सेंट फ्रांसिस स्कूल में 'इन्वेस्टीचर सेरेमनी' का शानदार आयोजन
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 24 April, 2026 19:26
- 51

सेंट फ्रांसिस स्कूल में 'इन्वेस्टीचर सेरेमनी' का शानदार आयोजन
मेधावी छात्रों को दी गई नई जिम्मेदारी, मुख्य अतिथि ने बढ़ाया उत्साह
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच नए छात्र परिषद का हुआ गठन
काकोरी लखनऊ। काकोरी के दुर्गागंज स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में शुक्रवार को 'इन्वेस्टीचर सेरेमनी' का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रांगण में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में छात्रों के नेतृत्व कौशल को निखारने के लिए नई छात्र परिषद का गठन किया गया और उन्हें आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैथेड्रल स्कूल, हजरतगंज के प्रधानाचार्य फादर पॉल कोरिआ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने प्रार्थना गीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि फादर पॉल कोरिआ ने मेधावी और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले अनुशासित विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण पद भार ग्रहण कार्यक्रम रहा, जिसमें स्कूल कैप्टन, उप-कैप्टन, हाउस कैप्टन, स्पोर्ट्स मिनिस्टर और क्लब इंचार्ज जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए चयनित विद्यार्थियों को बैज और सैश पहनाकर पदभार सौंपा गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सिस्टर एल्सा ग्रेस ने मुख्य अतिथि, मैनेजर सिस्टर रोजालिन, सिस्टर ट्रिसा और समस्त शिक्षक वर्ग का आभार जताया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और निरंतर परिश्रम का महत्व समझाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments