राष्ट्रीय पशुधन डिजिटल मिशन में तेजी लाने के निर्देश, तीन दिन में नोडल अधिकारी तय करने का आदेश
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 5 October, 2026 19:13
- 24

राष्ट्रीय पशुधन डिजिटल मिशन में तेजी लाने के निर्देश, तीन दिन में नोडल अधिकारी तय करने का आदेश
भारत पशुधन ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा अपलोडिंग पर जोर, नगर निकायों-ग्राम पंचायतों को तीन दिन की मोहलत
17 नगर निगमों में चल रहा एबीसी कार्यक्रम, 75 हजार से ज्यादा श्वानों की नसबंदी और टीकाकरण
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पशुधन डिजिटल मिशन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें भारत पशुधन ऐप पर पशुधन का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, स्ट्रीट डॉग के पंजीकरण और एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश में पशुधन के डिजिटल रिकॉर्ड को ज्यादा व्यवस्थित और अपडेट रखने के लिए मिशन के काम तेजी से निपटाए जाएं। उन्होंने ऐप पर पशुधन का पूरा और सही डेटा अपलोड कराने, नोडल अधिकारियों की तैनाती और डेटा की नियमित निगरानी पर खास जोर दिया। नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में नोडल अधिकारियों के नामांकन का काम तीन दिन के भीतर पूरा करने को कहा। साथ ही नामित अधिकारियों-कर्मचारियों की आईडी बनवाकर डेटा अपलोडिंग तेजी से कराने के निर्देश दिए। नोडल तंत्र बनते ही आवारा पशुओं की मैपिंग तुरंत शुरू कराने को भी कहा गया।
उन्होंने राज्य, जिला और स्थानीय स्तर पर बेहतर तालमेल बनाकर सभी काम तय समय में पूरे करने पर बल दिया। लंबित कामों की नियमित समीक्षा करने और तय समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। शहरी इलाकों में पशुधन और स्ट्रीट डॉग से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी के लिए हर वार्ड में वार्ड लोकल नोडल अधिकारी बनाने का काम भी जल्द पूरा करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 17 नगर निगमों में एबीसी कार्यक्रम नियमित रूप से चल रहा है। एक अप्रैल से 15 सितंबर 2026 तक 75,006 श्वानों की नसबंदी और टीकाकरण किया जा चुका है। पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों के गठन का 99.85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शहरी इलाकों में वार्ड स्तर पर यह आंकड़ा 92.28 प्रतिशत है, जबकि राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर गठन का काम सौ फीसदी पूरा हो गया है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments