लखनऊ में 69वीं राष्ट्रीय स्कूल एथलेटिक्स प्रतियोगिता 13 से 17 दिसंबर तक, 44 इकाइयों की टीमें होंगी शामिल
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 17 November, 2025 19:21
- 33

लखनऊ। विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2025 इस वर्ष लखनऊ में होने जा रही है। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता अंडर-17 (बालक/बालिका) आयु वर्ग की होगी।
एथलेटिक्स मीट का आयोजन 13 से 17 दिसंबर तक गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, कुर्सी रोड, लखनऊ में प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के शुभंकर ‘सिंघा’ का लोकार्पण सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग श्री चंद्र भूषण सिंह द्वारा किया गया।
देशभर के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और अन्य संगठनों सहित 44 इकाइयों की टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। कुल 3950 खिलाड़ी, कोच और टीम प्रबंधक लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ को दूसरी बार अंडर-17 आयु वर्ग की इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी 100 मीटर से 3000 मीटर दौड़, बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और रिले दौड़ सहित कुल 19 इवेंट्स में भाग लेंगे। सभी प्रतियोगिताएं अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कराई जाएंगी। निर्णय की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए साइंटिफिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
प्रतियोगिता के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नामित 20 खेल विशेषज्ञ और राज्य के 35 खेल विशेषज्ञ निर्णायक मंडल में शामिल किए गए हैं। आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम बनाया गया है।
सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रतिभागियों की सुरक्षित यात्रा और आवास के लिए 44 लायजनिंग ऑफिसर, पुलिस बल, 24 घंटे मेडिकल टीम, भोजन-नाश्ता व्यवस्था, नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, फॉगिंग, पेयजल और सचल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए हर दिन ओलंपियन, एशियाड और अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी पदक प्रदान करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान ‘नाडा’ द्वारा नियमित डोप टेस्ट भी कराए जाएंगे। प्रतिभागियों के लिए लखनऊ के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का निःशुल्क भ्रमण भी तय किया गया है।
Comments